Badaun News : बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पंजाब से हरदोई जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस गंगा एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। सिठोली गांव के पास हुए इस हादसे में करीब 26 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसा सुबह करीब 9:00 बजे का है, जब यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अधिकांश यात्री लखनऊ और हरदोई के रहने वाले हैं जो रोजगार या निजी कार्यों से वापस लौट रहे थे।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों और मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची इस्लामनगर पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चालक को नींद की झपकी आई थी या बस में कोई तकनीकी खराबी थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया है। स्थानीय निवासियों ने एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही को लेकर चिंता जताई है। वर्तमान में प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और घायलों का उपचार जारी है।
गंगा एक्सप्रेस वे पर कैसे खड़ा कर दिया ट्रक
गंगा एक्सप्रेस पेपर ट्रक खड़े करने की गलती ने बड़े हादसे को दावत दे दी। गनीमत रही कि किसी कि जान नहीं गई लेकिन दस से अधिक लोग गंभीर घायल हो गए जबकि 16 लोगों को हल्की चोट आई है।
गंभीर घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में गंभीर घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बहजोई सीएमओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पूरे मामले की थाना पुलिस जांच कर रही है।
"हादसा खड़े वाहन से बस टकराने की वजह से हुआ है। ट्रक क्यों खड़ा किया गया था इसकी जांच की जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लगातार निगरानी की जा रही है। जी भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी"
-अंकिता शर्मा, एसएसपी बदायूं

0 टिप्पणियाँ